तेजस्वी यादव का वीडियो वायरल, चुनावी मंच से अफसरों को दी चेतावनी, कहा, गड़बड़ी करोगे तो सजा मिलेगी

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में तेजस्वी यादव चुनावी मंच से संबोधित करते हुए चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों को “वोट चोरी” को लेकर कड़ी चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में तेजस्वी यादव आरजेडी के लोगो वाली मैरून टी-शर्ट पहने मंच पर भीड़ को संबोधित करते हुए कहते हैं, “जो अधिकारी अमित शाह से मिलकर गड़बड़ी करेगा, सरकार बनने के बाद उसे इतनी कड़ी सजा मिलेगी कि सोच भी नहीं पाएगा। जो लोकतंत्र पर कलंक बनेगा, उसे सजा मिलनी चाहिए या नहीं?”

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि अगर कोई अधिकारी चुनाव में बेईमानी करेगा, तो जनता उसे सजा देने के लिए तैयार है। उन्होंने अफसरों को चेताते हुए कहा, “मेरी सलाह है भ्रष्ट अधिकारियों, बेईमानी का ‘ब’ भी दिमाग में मत लाना।” वीडियो के वायरल होते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। विपक्षी दलों ने इसे चुनाव आयोग और प्रशासन पर दबाव डालने की कोशिश बताया है, जबकि राजद कार्यकर्ताओं का कहना है कि तेजस्वी यादव ने “लोकतंत्र की रक्षा” की बात की है।

सारण की एक जनसभा में तेजस्वी यादव ने कहा, “मेरी उम्र कच्ची है, लेकिन जुबान पक्की है। मैंने जो कहा, वो किया है। बिहार की जनता इस बात की गवाह है।” उन्होंने कहा कि 17 महीने के शासन में युवाओं को रोजगार देने का काम किया गया और सरकार बनने के बाद यह अभियान और तेजी से जारी रहेगा। तेजस्वी यादव ने दावा किया कि महागठबंधन की सरकार बनने पर 20 दिनों के भीतर एक नया कानून बनाया जाएगा, ताकि जिन परिवारों में सरकारी नौकरी नहीं है, उन्हें नौकरी दिलाई जा सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की योजनाओं को लेकर तेजस्वी ने कहा कि, “आज 10 हजार रुपये दे रहे हैं, कल यही सरकार वह पैसा वापस ले लेगी। यह कोई सहायता नहीं, बल्कि चुनावी रिश्वत है।”

विपक्षी दलों ने तेजस्वी यादव के बयान को “अशोभनीय” और “लोकतंत्र के लिए खतरनाक” बताया है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव में लगे अधिकारियों को धमकाना आचार संहिता का उल्लंघन है और चुनाव आयोग को इसका संज्ञान लेना चाहिए।