न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज
राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को किशनगंज जिले के कोचाधामन विधानसभा क्षेत्र के अलता में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। राजद प्रत्याशी मास्टर मुजाहिद आलम के समर्थन में आयोजित इस सभा में तेजस्वी ने मौजूदा एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा, “पानी जब एक जगह ज्यादा समय तक रुकता है, तो सड़ जाता है। यही हाल बिहार की मौजूदा सरकार का है।”
तेजस्वी ने अपने पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि लालू जी वर्षों से बीजेपी और आरएसएस के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होंने श्री राम मंदिर आंदोलन के दौरान लालू प्रसाद द्वारा बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की गिरफ्तारी का उल्लेख किया। तेजस्वी ने कहा, “जब लालू जी ने आडवाणी जी को गिरफ्तार किया था, तब वह बीजेपी की धमकियों से नहीं डरे। फिर मैं उनके बेटे के रूप में अमित शाह की धमकियों से कैसे डर सकता हूं?”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने कहा, “मोदी जी बिहार आते हैं, तो सिर्फ मुझे और लालू जी को गाली देते हैं। चुनाव आया है, तो केस और मुकदमों का डर दिखा रहे हैं, लेकिन हम उनकी गीदड़ भभकी से डरने वाले नहीं।” उन्होंने कोचाधामन से राजद प्रत्याशी मुजाहिद आलम को भारी मतों से जिताने की अपील की।
जनसभा में वीआईपी पार्टी के नेता मुकेश सहनी, कारी शोएब सहित कई अन्य नेता मौजूद थे। राजद नेताओं ने तेजस्वी का अलता पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया।

































