तेजस्वी की चुनावी सभा में लोगों की रही भीड़
न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल / राघोपुर
विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार के दौरान गुरुवार को पूर्व उप मुख्यमंत्री सह राजद नेता तेजस्वी यादव ने निर्मली विधानसभा के सिमराही बाजार स्थित लखीचंद साहू उच्च विद्यालय खेल मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित किया। सभा में उन्होंने इंडी गठबंधन समर्थित राजद प्रत्याशी बैद्यनाथ मेहता के पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए कहा कि इस बार बिहार में नई सोच की सरकार बनानी है। तेजस्वी यादव ने कहा, 20 साल आपने उन्हें दिया, अब मुझे सिर्फ 20 महीने दीजिए। जो काम उन्होंने 20 साल में नहीं किया, वो मैं 20 महीने में कर दिखाऊंगा।
उन्होंने कहा कि उनकी उम्र भले ही कच्ची है, लेकिन सोच और हौसला पक्का है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पिछली सरकार ने पांच लाख युवाओं को नौकरी दी और साढ़े तीन लाख पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की।
तेजस्वी ने अपने घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर जिन परिवारों में सरकारी नौकरी नहीं है, उस परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। माई बहिनमान योजना के तहत मकर संक्रांति के दिन महिलाओं के खाते में 30 हजार रुपये भेजे जाएंगे। पेंशन 1500 रुपये प्रतिमाह कर दी जाएगी। 200 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी, 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जाएगा।

किसानों को सिंचाई के लिए फ्री बिजली मिलेगी। पुलिस, स्वास्थ्यकर्मी और शिक्षकों को होम कैडर प्रणाली के तहत 70 किलोमीटर दायरे में ट्रांसफर-पोस्टिंग दी जाएगी। भूमिहीनों को जमीन का रसीद कटवाने की सुविधा दी जाएगी। तेजस्वी ने भाजपा और एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी फैक्ट्री लगाते हैं गुजरात में और वोट मांगते हैं बिहार में। जो बिहारी बाहर कमाने गए हैं, उनके लिए भाजपा वाले स्पेशल ट्रेन चला रहे हैं ताकि वे आकर वोट डालें और फिर वापस भेज दिए जाएं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर किसी बिहारी को पढ़ाई, कमाई या दवाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। तेजस्वी ने व्यंग्य करते हुए कहा, हमने अपना हेलीकॉप्टर को ट्रैक्टर बना दिया है। नीतीश जी और मोदी जी ने मेरे पीछे 30 हेलीकॉप्टर उतार दिए हैं, लेकिन मेरा एक ट्रैक्टर उनके सभी हेलीकॉप्टरों पर भारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा-एनडीए के हेलीकॉप्टरों में बाहरी लोग घूम रहे हैं, जबकि एक बिहारी सब पर भारी साबित होगा।
सभा स्थल पर भारी संख्या में लोग मौजूद थे।

































