
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के हालिया बयान पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। हालांकि उन्होंने राबड़ी देवी को “माता तुल्य” बताते हुए उन पर कोई प्रत्यक्ष टिप्पणी करने से परहेज किया। लेकिन वहीं दूसरी तरफ तेजस्वी यादव को लेकर वे आक्रामक नजर आए। सम्राट ने कहा कि तेजस्वी यादव को आगामी चुनाव में हार का भय सता रहा है, इसलिए वे स्पष्ट रणनीति के साथ सामने नहीं आ पा रहे हैं।
सम्राट चौधरी ने कहा, “जब माता होती है तो पीड़ा भी स्वाभाविक होती है। हम राबड़ी देवी की मन:स्थिति समझते हैं। उनके पति लालू प्रसाद यादव सजायाफ्ता हैं। सुप्रीम कोर्ट तक ने उन्हें दोषी ठहराया है।” डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव चुनावी मैदान से बचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष अभी से हार के डर में जी रहा है और जनता का सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि बिहार विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त हो चुका है। अब एनडीए सरकार अपने कार्यों और उपलब्धियों को लेकर सीधे जनता के बीच जाएगी। सम्राट चौधरी ने कहा, “हमने जो वादे किए, उन्हें जमीन पर उतारा है। अब जनता को बताएंगे कि सरकार ने उनके लिए क्या-क्या किया।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए एनडीए गठबंधन संगठित और सशक्त तरीके से मैदान में उतरेगा तथा जनता का विश्वास दोबारा हासिल करने की दिशा में काम करेगा।

























