भाई वीरेंद्र पंचायत सचिव को हड़काते हुए कहते हैं, अरे भाई वीरेंद्र को तुम नहीं पहचानता है, जूता से मारेंगे
न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
मनेर के बलुआ ब्लॉक के पंचायत सचिव संदीप कुमार के साथ दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विधायक के खिलाफ संदीप ने पटना के एससीएसटी थाने में मामला तो दर्ज कराया ही है साथ ही अब इसमें तेजप्रताप यादव भी कूद पड़े हैं। तेजप्रताप ने पार्टी से सवाल किया है कि संविधान का सम्मान सिर्फ कहने के लिए है? मुझे तो जयचंदों ने पार्टी से निकलवा दिया। क्या एेसे लोगों पर भी कार्रवाई होगी। सचिव ने राजद विधायक के खिलाफ धमकी देने और जातिसूचक अपशब्द कहने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है।

जानिए पहले पूरा मामला क्या है। सोमवार को एक ऑडियो वायरल हुआ जिससे पूरा मामला आग की तरह फैल गया। ऑडियो में मनेर विधायक भाई वीरेंद्र पंचायत सचिव को हड़का रहे हैं। वे कहते हैं, अरे भाई वीरेंद्र को तुम नहीं पहचानता है। जूता से मारेंगे। सचिव ने भी पलटकर जवाब दिया। कहा, जहां जो करना होगा करते रहिएगा। कोई एेसा डर नहीं है हमको। सीधे बतियाइएगा तो सीधे बतियाएंगे। टेढ़ी बतियाइएगा तो टेढ़ी हम भी बतियाएंगे। डरने वाला कोई नहीं है यहाँ पर। इसके बाद विधायक ने कहा, अगर तुम विधायक को नहीं जानता है तो तुमको मनेर में रहने का अधिकार नहीं है। इसके बाद सचिव ने फिर जवाबी लहजे में कहा, डरने वाले नहीं हैं हम। धमकी मत दीजिए। ट्रांसफर करवा दीजिए।
तेजप्रताप ने अपने एक्स एकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है। एडिट कर बनाई गई इस तस्वीर में आंबेडकर की फोटो है। सचिव संदीप कुमार कुर्सी पर बैठे हैं और भाई वीरेंद्र उड़ते हुए जूता लेकर मारने आते दिख रहे हैं। तेजप्रताप ने लिखा है, क्या राजद भाई वीरेंद्र पर कार्रवाई करेगी जिन्होंने आंबेडकर के आदर्शों के खिलाफ टिप्पणी की है। मुझे तो जयचंदों ने पार्टी से निकलवा दिया। अब देखना यह है कि क्या एेसा करने वालों पर भी पार्टी सख्ती से कार्रवाई करेगी। संविधान का सम्मान भाषणों में नहीं, आचरण में भी नजर आना चाहिए।


























