न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
राघोपुर थाना क्षेत्र के एनएच 27 पर पचास पुला के समीप एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक सड़क पर दूर जा गिरे और बुरी तरह जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल शिक्षक को तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल शिक्षक की पहचान विशनपुर दौलत पंचायत निवासी कुशेश्वर शर्मा के रूप में हुई है। वह उत्क्रमित मध्य विद्यालय भगता टोला में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी अनुसार कुशेश्वर शर्मा किसी आवश्यक कार्य से सिमराही गए थे और कार्य समाप्त कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिमराही पचास पुला के समीप सिमराही की ओर से आ रहे ट्रैक्टर संख्या बीआर53 8जी 8878 ने उनकी स्प्लेंडर प्लस बाइक संख्या बीआर 38ई 3027 में सामने से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर सिमराही की ओर से आलू खाली कर वापस लौट रहा था। अचानक हुई टक्कर के बाद शिक्षक सड़क पर दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए उन्हें उठाकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी देते रेफरल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। उधर घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक को ट्रेक्टर सहित पकड़ लिया, जिसका पहचान फुलकहा थाना क्षेत्र के नबाबगंज गांव निवासी महैश यादव के रूप में किया गया। घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिल चुकी है। फिलहाल लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही ट्रैक्टर चालक एवं वाहन के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


























