न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लालपट्टी वार्ड 17 में किराए के कमरे में रह रही एक जीविका दीदी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान थाना क्षेत्र के मचहा वार्ड संख्या 16 निवासी प्रमोद शर्मा की 48 वर्षीय पत्नी सीमा देवी के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। मृतका के साथ काम करने वाली जीविका दीदी नीलम देवी ने बताया कि शुक्रवार की रात से सीमा देवी अपने पति का फोन रिसीव नहीं कर रही थी। शनिवार सुबह जब इसकी जानकारी मिली तो वे अन्य लोगों के साथ सीमा देवी के कमरे पर पहुंचीं। कमरे का दरवाजा अंदर से खुला हुआ था और अंदर जाकर देखने पर सीमा देवी मुंह के बल कढ़ाही में गिरी पड़ी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। बताया गया कि मृतका सीमा देवी अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज स्थित जीविका समूह ‘प्रगति दीदी की रसोई’ में कार्यरत थीं। वे लालपट्टी स्थित उपेंद्र साह के मकान में किराए के कमरे में अकेले रह रही थीं। मृतका के पति वर्तमान में पटना में रहते हैं। मकान मालिक रंजीत कुमार के अनुसार सीमा देवी पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थीं और ठंड लगने की शिकायत थी। वे हाल ही में डॉक्टर से इलाज कराकर लौटी थीं।थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा जा रहा है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

































