न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर से इस वक्त की बड़ी खबर। जहाँ अनुमंडल अस्पताल मोहनियां में उस समय हड़कंप मच गया जब अनुमंडल पदाधिकारी अनिरुद्ध कुमार पांडेय ने आज अचानक औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डॉक्टर सहित कई कर्मी ड्यूटी से गायब मिले, जबकि साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब पाई गई।
मिली जानकारी के मुताबिक अनुमंडल अस्पताल में लंबे समय से लापरवाही और अव्यवस्था की शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ अनिरुद्ध कुमार पांडेय बुधवार को अचानक अस्पताल पहुँचे।
निरीक्षण शुरू होते ही अस्पताल में मौजूद कर्मियों में हड़कंप मच गया। जैसे ही एसडीओ ने उपस्थिति रजिस्टर देखा, कई डॉक्टरों का नाम तो था…
लेकिन वे ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे।
सबसे चौंकाने वाली बात—अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक भी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए ,
कई वार्डों में तैनात स्वास्थ्यकर्मी भी समय पर मौजूद नहीं थे, जिस पर एसडीओ ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण माँगा।
साफ-सफाई में लापरवाही उजागर
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। कूड़े-कचरे का सही निस्तारण नहीं किया जा रहा था और शौचालयों की हालत भी खराब पाई गई।
एसडीओ ने तत्काल अस्पताल प्रबंधन को साफ-सफाई व्यवस्था मजबूती से लागू करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के बीच कई मरीजों और उनके परिजनों ने एसडीओ से अपनी शिकायतें भी रखीं—
समय पर डॉक्टर नहीं मिलते। दवाइयों की कमी
कई विभागों में स्टाफ की ढिलाई। एसडीओ ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
औचक निरीक्षण के बाद एसडीओ अनिरुद्ध कुमार पांडे ने कहा—अस्पताल में अनुशासन और समयपालन में सुधार आवश्यक है। अनुपस्थित डॉक्टरों के खिलाफ रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
साफ-सफाई और मरीज सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया है।
अस्पताल में हुए इस औचक निरीक्षण ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर कर दिया है।
अब देखना होगा कि प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अस्पताल की व्यवस्था में कब तक सुधार देखने को मिलता है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन मामले की रिपोर्ट तैयार कर रहा है और कई डॉक्टरों से जवाब तलब किया गया है।
































