रतनपुर गांव का लाल ने राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज में कैडेट के रूप में किया नाम रौशन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के रतनपुर गांव निवासी प्रणय झा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 27 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC), देहरादून में कैडेट के रूप में प्रवेश लिया है। मालूम हो कि रतनपुर गांव निवासी रंजीत रंजन झा एवं श्रीमती रिचा झा के पुत्र प्रणय हैं। उनके दादा शिवशंकर झा, बिहार प्राथमिक शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त शिक्षक रह चुके हैं।
देशभर से आयोजित चयन प्रक्रिया में केवल 26 कैडेटों का चयन हुआ, जिसमें प्रणय झा का चयन होना क्षेत्र और परिवार के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
उल्लेखनीय है कि प्रणय के बड़े भाई चैतन्य झा पहले ही 26 जुलाई 2025 को आरआईएमसी में प्रवेश ले चुके हैं। इस प्रकार दोनों भाइयों का एक ही प्रतिष्ठित सैन्य संस्थान में चयन होना एक दुर्लभ और प्रेरणादायक उपलब्धि है। दोनों भाइयों का लक्ष्य भारतीय वायुसेना के फ्लाइंग ब्रांच में शामिल होकर देश की सेवा करना है।
राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC), देहरादून, भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन ARTRAC द्वारा संचालित देश का सर्वोच्च प्रतिष्ठित सैन्य शिक्षण संस्थान है, जिसे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) का प्रमुख फीडर संस्थान माना जाता है।प्रणय झा की इस सफलता से परिवार व जिले में हर्ष का माहौल है।