सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता: कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, हथियार व वाहन बरामद

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के सुपौल थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सुभाष यादव उर्फ निर्दोष यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक देशी पिस्टल, दो कारतूस, एक कार तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।थानाध्यक्ष सुपौल को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर परिषद क्षेत्र के ब्रह्मस्थान चौक पर अपराध की योजना बनाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी की। पुलिस को देखकर एक कार सवार चार व्यक्ति भागने लगे, जिनमें से एक आरोपी को खदेड़कर पकड़ लिया गया, जबकि अन्य फरार हो गए।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन तथा आरोपी का आधार कार्ड बरामद किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार अपराधी की पहचान सुभाष यादव उर्फ निर्दोष यादव के रूप में हुई। उसके खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।