सुपौल में गल्ला व्यापारी को बदमाशों ने मारी गोली, हालत नाजुक, रेफर

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र में देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब महेसुआ पोखर के पास घात लगाए बैठे दो बाइक सवार अपराधियों ने एक गला व्यवसायी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही हमलावर बाइक पर फरार हो चुके थे।
घायल व्यक्ति की पहचान 45 वर्षीय शशिरंजन चौधरी के रूप में हुई है जो त्रिवेणीगंज बाजार से भोज खाकर अपने घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे महेसुआ पोखर के समीप पहुंचे, अपराधियों ने उन पर लगातार चार गोलियां दाग दीं। आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत व्यापारी को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। डॉ. उमेश मंडल ने बताया कि घायल को चार गोलियाँ लगी हैं और हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। आसपास के संभावित रूट और एरिया की खंगालबीन शुरू कर दी गई है। थाना क्षेत्र में इस तरह की वारदात ने सुरक्षा को लेकर कई प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते पर नियमित पुलिस गश्त की कमी से अपराधियों के हौसले दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए और पुलिस पेट्रोलिंग को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।