न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सुपौल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस (एन.एस.एस. डे) बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज के एन.एस.एस. क्लब की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें योग, स्वच्छता अभियान और अनेक रोचक खेल प्रतियोगिताएँ शामिल रहीं।
खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत बलून ट्रेन, खेल गुलेल, चैन मेकिंग, घूम बराबर घूम तथा बंद आँखों से रास्ता देखो जैसे खेलों का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजयी प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए. एन. मिश्रा ने राष्ट्रीय सेवा योजना की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह योजना सरकार द्वारा समाज सेवा की भावना को बढ़ाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे समाज की सेवा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
एन.एस.एस. क्लब के फैकल्टी एडवाइजर आशीष आनंद ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना की उद्देशिका एवं महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम को सफल बनाने में फैकल्टी एडवाइजर आशीष आनंद, सुनील कुमार साहू, रौशनी सुमन, पंकज सिंह तथा क्लब के प्रेसिडेंट निर्भय कुमार, छात्र समन्वयक अमरजीत कुमार, साकेत कुमार, अनुराग, तनिष, अंकित, आलोक, छोटू, हर्ष के साथ क्लब के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस प्रकार, यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के बीच सेवा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने वाला सिद्ध हुआ, बल्कि राष्ट्रीय सेवा योजना के आदर्शों को आत्मसात करने का एक सशक्त माध्यम भी बना।
































