एसटीएफ ने 25 हजार का इनामी हत्यारोपी बंटी यादव को गिरफ्तार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल / राघोपुर

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के बहुचर्चित हत्याकांड संख्या 153/23 में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। टेंट संचालक छोटु यादव हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपी धरहरा गांव निवासी बंटी यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और राघोपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अररिया जिले के फारबिसगंज से बंटी यादव को धर दबोचा। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में फैले अपराध और भय के माहौल पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।।थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि धरहरा गांव निवासी टेंट कारोबारी छोटु यादव की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में बंटी यादव मुख्य आरोपी था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध कुर्की वारंट भी जारी किया जा चुका था, जिसके बाद पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रहा थी। इसी क्रम में पुख्ता सूचना मिलने पर फारबिसगंज से उसे गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई एसटीएफ और राघोपुर पुलिस के समन्वय से की गई। पुलिस के अनुसार बंटी यादव की गिरफ्तारी से हत्याकांड से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की संभावना है। पूछताछ के दौरान हत्या के कारणों, घटना में शामिल अन्य लोगों और साजिश से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास और फरारी के दौरान उसके ठिकानों की भी जांच की जा रही है।