न्यूज़ स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार विधानसभा चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि मतदान से 10 दिन पहले तक फॉर्म-6 भरने वाले मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा जाएगा। आयोग का संदेश साफ है कि अगर अब तक आपका नाम वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हुआ है तो चिंता की जरूरत नहीं। चुनाव से 10 दिन पहले तक फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाया जा सकता है।
अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर को
विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत 1 अगस्त से 1 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और सुधार का काम चला। अब 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद भी अक्टूबर से नाम जोड़ने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
आधार कार्ड बना सहूलियत
सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के बाद अब आधार कार्ड को पहचान दस्तावेज के रूप में मान्यता मिल गई है। इससे उन लोगों को राहत मिली है, जिन्होंने दस्तावेज पूरे नहीं जमा किए थे।
16.57 लाख लोगों ने किया आवेदन
चुनाव आयोग के मुताबिक, एसआईआर प्रक्रिया के दौरान 16.57 लाख नए आवेदन मिले हैं। इनमें ज्यादातर युवा और पहली बार वोट डालने वाले शामिल हैं।
































