न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत संचालित सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय, सुपौल में बिहार कौशल विकास मिशन के सहयोग से बुधवार को जिला एवं राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता 2025–26 के दूसरे दिन का सफल आयोजन किया गया।
आज के कार्यक्रम के अंतर्गत वेब टेक्नोलॉजीज एवं क्लाउड कंप्यूटिंग की राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जबकि इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन एवं इलेक्ट्रॉनिक्स की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएँ भी आज ही संपन्न हुईं। इन सभी प्रतियोगिताओं में बिहार के विभिन्न जिलों से आए कुल 53 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताएँ बीएसडीएम द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित की गईं।
वेब टेक्नोलॉजीज (राज्य स्तरीय) का मूल्यांकन अभय कुमार, कमल राज प्रवीण एवं सुनील कुमार सुमन ने किया जबकि क्लाउड कंप्यूटिंग (राज्य स्तरीय) प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन गोपाल कृष्णा, डॉ. जय कुमार एवं आशीष आनंद के द्वारा किया गया।
इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन (जिला स्तरीय) का मूल्यांकन डॉ. राजा गांधी, प्रकाश कुमार एवं पंकज सिंह द्वारा किया गया जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स (जिला स्तरीय) प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन रवि रंजन, नवीन कुमार एवं शादाब आज़म सिद्दीकी द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान बीएसडीएम के स्किल मैनेजर कुमार गौतम एवं विशाल आनंद उपस्थित रहे और उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं, मूल्यांकन प्रक्रिया एवं प्रतिभागियों के प्रदर्शन का अवलोकन किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल इंचार्ज सह डीन एकेडमेमिक्स, सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय, डॉ. चन्दन कुमार ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा,वेब टेक्नोलॉजीज और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में आयोजित राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिताएँ छात्रों को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करती हैं, जबकि इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसी विधाओं में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएँ उनकी आधारभूत तकनीकी समझ को सुदृढ़ बनाती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं की रोजगार क्षमता को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाते हैं।”
उन्होंने बीएसडीएम के सहयोग से इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी ज्यूरी सदस्यों एवं सहयोगी स्टाफ की सराहना की।
प्राचार्य डॉ. अच्युतानंद मिश्र ने बीएसडीएम द्वारा सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय को राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के आयोजन का अवसर प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय राज्य के युवाओं के लिए कौशल विकास का एक सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ न केवल तकनीकी उत्कृष्टता को बढ़ावा देती हैं, बल्कि बिहार सरकार के कुशल एवं आत्मनिर्भर युवा निर्माण के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करती हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से प्रतिभागियों में उत्साह एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण देखने को मिला। प्रतियोगिता के आगामी चरणों में अन्य ट्रेड्स की जिला एवं राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिताएँ भी सुपौल अभियंत्रण महाविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी।


























