न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी की गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (SSB), बीरपुर के सीमा चौकी नरपतपट्टी द्वारा नाका ड्यूटी के दौरान 18 बैलों को जब्त किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई थी कि सीमा चौकी नरपतपट्टी के कार्य क्षेत्र से मवेशियों की तस्करी होने की संभावना है। प्राप्त सूचना के आधार पर सीमा चौकी नरपतपट्टी के जवानों द्वारा नियमित नाका ड्यूटी के दौरान शनिवार के अहले सुबह सीमा स्तंभ संख्या 219/30 के समीप, ग्राम रूपौली के पास (भारत की ओर लगभग 01 किलोमीटर अंदर) संदिग्ध गतिविधि देखी गई।
जवानों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि कुछ व्यक्ति मवेशियों को लेकर नेपाल से भारत की ओर आ रहे थे। जैसे ही ड्यूटी पार्टी द्वारा उन्हें पकड़ने का प्रयास किया गया, वे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद जवानों द्वारा उक्त स्थान की तलाशी लेने पर कुल 18 बैल बरामद किए गए, जिन्हें तस्करी के उद्देश्य से नेपाल से भारत लाया जा रहा था।
जब्त किए गए सभी बैलों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत थाना भपटियाही को सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक मुन्ना सिंह के नेतृत्व में अन्य जवान शामिल रहे।
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर द्वारा भारत–नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम हेतु लगातार सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी का निर्वहन किया जा रहा है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
































