एसएसबी और नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत शिक्षा, स्वच्छता सामग्री वितरण एवं निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

19 फरवरी 2026 को 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर द्वारा कमांडेंट गौरव सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में नागरिक कल्याण कार्यक्रम (MPC) के अंतर्गत सीमावर्ती क्षेत्र के जीवंत गांवों में एक व्यापक जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर सीमावर्ती क्षेत्रों के स्कूली बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शिक्षा संबंधी सामग्री एवं हाइजीन–सैनिटेशन (स्वच्छता) सामग्री का वितरण किया गया। विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, पेंसिल, इरेज़र, कलर पेंसिल सहित अन्य आवश्यक स्टेशनरी सामग्री प्रदान की गई। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित उपयोगी सामग्री वितरित कर स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक उन्नयन, कौशल विकास तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना था। इस दौरान बच्चों को नियमित हाथ धोने की सही विधि, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण, संतुलित आहार तथा स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसी क्रम में सीमावर्ती जीवंत गांव में मानव चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाभ उठाया और एसएसबी के इस प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम में नरेश कुमार, कमांडेंट (मेडिकल), उप कमांडेंट सौरभ सुमन, सहायक उप कमांडेंट राहुल सिंह सहित अन्य अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी एवं बलकर्मी उपस्थित रहे। संबंधित विद्यालयों के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अपने संबोधन में अधिकारियों ने कहा कि शिक्षा और स्वच्छता मिलकर एक सशक्त, जागरूक और स्वस्थ समाज की नींव रखते हैं। स्वच्छ शरीर, स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य का आधार है।
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर सीमावर्ती क्षेत्रों में राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन हेतु सदैव प्रतिबद्ध है।

More posts