न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल बीरपुर तथा इसकी समस्त सीमा चौकियों द्वारा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं नागरिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “वंदे मातरम् एवं तिरंगा साइकिल रैली” का सफल आयोजन किया गया।
यह रैली भीमनगर के कार्यक्षेत्र में उप महानिरीक्षक राजेश टिक्कू क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया तथा वाहिनी के कार्यक्षेत्र में उप कमांडेंट प्रवीण कुमार कौशिक , उप कमांडेंट हरजीत राव की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में अत्यंत उत्साह एवं अनुशासन के साथ आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में 45वीं वाहिनी एसएसबी बीरपुर के अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने सक्रिय सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) को हाथों में लेकर तथा “वंदे मातरम्” के देशभक्ति नारों के साथ रैली मार्ग पर अनुकरणीय जोश एवं समर्पण का प्रदर्शन किया।
साइकिल रैली निकटवर्ती गांवों एवं स्थानीय क्षेत्रों से होकर गुज़री, जिससे स्थानीय नागरिकों का ध्यान आकर्षित हुआ एवं उनकी सहभागिता भी देखने को मिली। तिरंगे की सजीव झलक और एसएसबी कार्मिकों की उत्साही भागीदारी स्थानीय समुदाय, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय जनमानस को प्रेरित करना, एसएसबी एवं नागरिकों के मध्य सौहार्दपूर्ण संबंधों को सुदृढ़ करना तथा राष्ट्र के प्रति गौरव एवं जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना रहा।
इस कार्यक्रम में 400 से अधिक जन समूह ने प्रतिभाग लिया तथा कार्यक्रम को सफल बनाया।

































