न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
महानिरीक्षक सीमान्त मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, पटना निशित कुमार उज्ज्वल ने रविवार को 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर का औपचारिक निरीक्षण एवं संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत दौरा किया ।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान महानिरीक्षक महोदय ने राजेश टिक्कू, उप महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय, सशस्त्र सीमा बल, पूर्णिया के साथ सर्वप्रथम भारत–नेपाल सीमा स्थित भीमनगर चेक पोस्ट का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने सीमा प्रबंधन एवं प्रचालनात्मक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान एसएसबी द्वारा भीमनगर चेक पोस्ट पर आगंतुकों के सामान की जांच हेतु स्थापित एक्स रे बैगेज स्कैनर का शुभारंभ किया गया। जिससे आवागमन के दौरान दोनों देश के नागरिकों की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी ।
इस अवसर पर महानिरीक्षक द्वारा ए.पी.एफ. (सशस्त्र प्रहरी बल), नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों से बैठक भी की गई, जिसमें डीआईजी कुमार न्यूपाने (नं. 1 बराहा ब्रिगेड), एसपी किशन कर्माचार्य (नं. 37 रिजर्व बटालियन मुख्यालय), एसपी श्याम कुमार कार्की (नं. 4 बटालियन), एसपी श्री रोशन बुधाकोटी (नं. 6 बटालियन), डीएसपी शमशेर कार्की (बॉर्डर सिक्योरिटी कंपनी, हरिपुर) एवं श्री नीरज कुमार एसडीएम वीरपुर शामिल रहे। बैठक के दौरान आपसी समन्वय एवं सीमा सुरक्षा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
तत्पश्चात 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल आगमन पर महानिरीक्षक महोदय को क्वार्टर गार्ड पर सम्मान गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इस अवसर पर गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं वाहिनी द्वारा पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से वाहिनी के कार्यक्षेत्र, प्रचालनात्मक तैयारियों, उपलब्धियों एवं चुनौतियों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सैनिक सम्मेलन का आयोजन भी किया गया, जिसमें महानिरीक्षक ने जवानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने जवानों की समस्याओं को सुना, उनके समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की तथा भविष्य में भी पूर्ण निष्ठा एवं व्यावसायिकता के साथ अपने कर्तव्यों के निर्वहन हेतु प्रेरित किया। महानिरीक्षक महोदय का यह दौरा सभी रैंकों के मनोबल को सुदृढ़ करने वाला रहा।
इस अवसर पर जे. के. शर्मा, द्वितीय कमान अधिकारी, प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट एवं सुमन सौरभ, उप कमांडेंट सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

































