न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी भीमनगर द्वारा भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र स्थित भीमनगर चेक पोस्ट पर सतर्क ड्यूटी के दौरान वन्यजीव अवयव (एक हिरन का सींग) को जब्त करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा चौकी भीमनगर के जिम्मेवारी क्षेत्र से वन्यजीव अवयव की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चेक पोस्ट पर तैनात सुरक्षा दल को सतर्क करते हुए सघन जांच अभियान प्रारंभ किया गया।
जांच के क्रम में सुरक्षा दल ने सूचना से मेल खाते एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम सुरेश कुमार देव, ग्राम भवानीपुर, जिला सुपौल बताया। तत्पश्चात उसके थैले की विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें से एक हिरन का सींग बरामद हुआ। बरामद अवयव के संबंध में पूछे जाने पर उसने बताया कि वह उक्त सींग को अपनी बहन के घर नेपाल ले जा रहा था।
वन्यजीव से संबंधित अवयवों को रखना, ले जाना अथवा उनका व्यापार करना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 50 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। उन्होंने बताया कि आरोपी व्यक्ति एवं बरामद हिरन का सींग आवश्यक कानूनी कार्रवाई उपरांत वन क्षेत्राधिकारी, वीरपुर को सुपुर्द कर दिया गया।
इस कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक मोहन लाल सहित अन्य कार्मिकों की सराहनीय एवं सक्रिय भूमिका रही। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध तस्करी एवं वन्यजीव अपराधों की रोकथाम के लिए सतत प्रतिबद्ध है।



























