एसएसबी ने गांजा और नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी साहेबान एवं सीमा चौकी फतेहपुर द्वारा भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में नाका ड्यूटी के दौरान मादक पदार्थ गांजा एवं नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर बिहार पुलिस के साथ संयुक्त नाका दल का गठन किया गया। उक्त कार्रवाई के दौरान—
सीमा चौकी साहेबान द्वारा स्पर संख्या–540 के पास 52.5 लीटर नेपाली शराब को बरामद किया गया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, सीमा चौकी फतेहपुर द्वारा नाका ड्यूटी के दौरान सीमा स्तंभ संख्या 203/3 के समीप 5.500 किलोग्राम गांजा की जब्ती की गई। इस दौरान तस्कर रात्रि के कोहरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई उपरांत, जब्त की गई नेपाली शराब एवं गिरफ्तार व्यक्ति को थाना रतनपुरा, जिला सुपौल, तथा बरामद गांजा को थाना बीरपुर, जिला सुपौल को सुपुर्द किया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक सतपाल, सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार, एवं बिहार पुलिस के उप निरीक्षक आत्माराम सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
सशस्त्र सीमा बल भारत–नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर सतर्कता एवं सख्त कार्रवाई जारी रखे हुए है।