न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क हादसों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसी कड़ी में हरदी पूर्व वार्ड दो निवासी पिंटू साह (40 वर्ष) को अज्ञात वाहन ने जबरदस्त ठोकर मार दी। जिसके कारण मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा इतना भयावह था कि आसपास मौजूद लोग सहम गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात वाहन तेज गति में था और टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिंटू को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और सड़क पर कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
मृतक पिंटू साह अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य था । घर में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने तथा दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग प्रशासन से की है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

























