लवकुश सिंह बंटी (बिहपुर )
सोमवार की शाम लगभग आठ बजे बिहपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी जमालपुर रेलवे फाटक पर एक बड़ी दुर्घटना सामने आई, जब तेज रफ्तार थर वाहन नंबर BR10 AT 1020 ने रेलवे फाटक को जोरदार टक्कर मारकर तोड़ दिया। फाटक तोड़ने के बाद थार अनियंत्रित होकर सामने स्थित पीपल के पेड़ और रेल पटरी के पास बने साइडिंग बैरिकेडिंग से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वहीं अटककर रह गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार थार में सवार बिहपुर निवासी विपीन मंडल एवं एक अन्य अज्ञात युवक दुर्घटना के बाद वाहन से उतरकर मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही बिहपुर थानाध्यक्ष,आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार एवं रेल थानाध्यक्ष सुदामा पासवान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने थार में सवार एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना स्थल पर दो बाइक भी थार के नीचे फंसी हुई मिलीं, जिन्हें या तो जोरदार धक्का मारा गया था या वे वाहन के कुचलने से क्षतिग्रस्त हो गई थीं। पहली बाइक नारायणपुर निवासी छोटू प्रिंस की स्प्लेंडर प्लस नंबर 10AW 2444 मोटरसाइकिल थी। वह अपनी पत्नी सपना कुमारी के साथ भागलपुर से लौट रहे थे। रेलवे फाटक के पास अचानक थार ने उनकी बाइक को भीषण टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत बिहपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

दूसरी क्षतिग्रस्त बाइक बभनगामा निवासी ऋषिराज चौधरी की थी नंबर BR10 AF 1979। वह मड़वा स्थित अपने मौसा के घर से बभनगामा लौट रहे थे। रेलवे फाटक के पास ही थार ने उनकी बाइक को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। दोनों बाइकें घटनास्थल पर थार के नीचे बुरी तरह फंसी मिलीं, जिससे टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना के बाद थार सवार तीन लोग भागने की कोशिश कर रहे थे, जिनमें से एक व्यक्ति बगल के गहरे गड्ढे में कूद गया। गड्ढा बारिश के पानी से भरा हुआ था। पुलिस मौके पर पहुंची, तब वह युवक खुद बाहर निकलकर आने लगा, तभी भीड़ ने उसे पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।

हालात बिगड़ते देख ग्रामीणों व पुलिस टीम ने काफी मशक्कत कर युवक को भीड़ से बचाया और सुरक्षित थाने ले जाया गया।रेलवे फाटक को क्षतिग्रस्त करने से रेलवे यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस वाहन के मालिकाना हक, दुर्घटना के कारणों और थार सवारों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल घायल दोनों व्यक्तियों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने थार को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।यह घटना तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को एक बार फिर सामने लेकर आई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रेलवे फाटक पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



























