न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
जिले में नियमित टीकाकरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 9 फरवरी से स्पेशल नियमित टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान जिले के सभी प्रखंडों में चलाया जाएगा और तीन चरणों में संपन्न होगा।
अभियान का प्रथम चरण 9 फरवरी से 14 फरवरी, द्वितीय चरण 9 मार्च से 14 मार्च तथा तृतीय चरण 7 अप्रैल से 13 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान जिले भर में कुल 639 टीकाकरण सत्रों का आयोजन किया गया है।
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. धनंजय कुमार ने बताया कि इस स्पेशल अभियान के तहत 1,088 गर्भवती महिलाओं एवं 6,234 बच्चों को टीकाकरण के दायरे में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी लक्षित लाभार्थियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
डॉ. धनंजय कुमार ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ यूनिसेफ, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), यूएनडीपी, पीसीआई और जेएसआई जैसी संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है। इन संस्थाओं द्वारा तकनीकी सहयोग, निगरानी एवं जागरूकता गतिविधियों में सहायता की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग करें, ताकि कोई भी गर्भवती महिला या बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।

























