रोहतास। झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार के कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण सोन नदी का जलस्तर गुरुवार सुबह अचानक तेजी से बढ़ गया। इसके चलते इंद्रपुरी बराज के 69 में से 65 गेट खोल दिए गए हैं और करीब 4 लाख 43 हजार 458 क्यूसेक पानी सोन नदी में छोड़ा गया है।
जल संसाधन विभाग के अनुसार, झारखंड की उत्तर कोयल नदी पर बने भीम बांध से बुधवार रात 2.70 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं, मध्य प्रदेश के बाणसागर जलाशय का जलस्तर 339 मीटर पहुंच गया है, जबकि इसकी अधिकतम क्षमता 341 मीटर है। वहां से गुरुवार को 1.14 लाख क्यूसेक से अधिक पानी सोन नदी में छोड़ा गया। उल्लेखनीय है कि पिछले चार दिनों से बाणसागर से लगातार एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश के रिंहद जलाशय से भी गुरुवार को 9007 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जलाशय की क्षमता 870 फीट है और फिलहाल इसमें सामान्य से अधिक पानी जमा है।
सोन नदी में बढ़ते जलस्तर और उफान को देखते हुए बराज से पश्चिमी संयोजक व पूर्वी संयोजक नहरों में जल आपूर्ति रोक दी गई है, जिससे नीचे की ओर जलभराव या बाढ़ का खतरा कम किया जा सके।
शाहाबाद प्रमंडल के चारों जिले – रोहतास, भोजपुर, बक्सर और कैमूर में भी बीते तीन दिनों से लगातार वर्षा हो रही है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी के किनारों से दूर रहने की अपील की है।