न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
एसएम कॉलेज की प्राचार्या प्रो. निशा झा ने शुक्रवार को दोपहर 12 बजे महाविद्यालय के सभी शैक्षणिक विभागों और कक्षाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व प्रभारी प्राचार्य डॉ. मुकेश कुमार सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में प्राचार्या ने विभागवार शिक्षकों की उपस्थिति की जांच की तथा कक्षाओं में हो रहे शिक्षण कार्य का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने सभी विभागों में जाकर यह सुनिश्चित किया कि महाविद्यालय में निर्धारित रूटीन के अनुसार नियमित रूप से कक्षाओं का संचालन हो रहा है या नहीं।
निरीक्षण के समय अधिकांश कक्षाएं संचालित पाई गईं। इस दौरान प्राचार्या ने सभी विभागाध्यक्षों एवं शिक्षकों को निर्देश दिया कि छात्राओं की कक्षा-उपस्थिति बढ़ाने के लिए आवश्यक सख़्ती बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन छात्राओं की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी, उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रो. निशा झा ने कहा कि हर हाल में छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और शिक्षण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महाविद्यालय में अनुशासन और शैक्षणिक गुणवत्ता को सख़्ती से लागू किया जा रहा है।
प्राचार्या ने कहा कि इस प्रकार का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा और महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता और ईमानदारी से करें।
एसएम कॉलेज: छात्राओं की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम होगी,तो उन्हें परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति नहीं मिलेगी


























