सीतामढ़ी–जयनगर–निर्मली नई रेल लाइन को मिली नई रफ्तार, 188 किमी लंबी परियोजना की डीपीआर की प्रक्रिया शुरू

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

उत्तर बिहार के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से लंबित सीतामढ़ी–जयनगर–निर्मली वाया सुरसंड नई रेल लाइन (188 किमी) परियोजना को रेलवे बोर्ड ने स्वीकृति प्रदान कर दिया है। इसके साथ ही इस बहुप्रतीक्षित योजना के आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
पूर्व मध्य रेलवे (निर्माण संगठन) द्वारा जारी पत्र के अनुसार इस परियोजना को वर्ष 2008-09 में स्वीकृति मिली थी, लेकिन वर्ष 2019 में इसे स्थगित कर दिया गया था। अब 29 सितंबर 2025 को रेलवे बोर्ड द्वारा परियोजना को डी-फ्रीज कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि परियोजना के लिए अब फ्रेश फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) कराया जाएगा, ताकि डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा सके। डीपीआर के बाद निर्माण कार्य की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।यह जानकारी बिहार सरकार के ऊर्जा, योजना एवं विकास मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव के साथ हुई चर्चा के क्रम में सामने आई है। इस रेल लाइन के निर्माण से सीतामढ़ी, सुरसंड, जयनगर, निर्मली सहित आसपास के क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर रेल संपर्क से न केवल यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।लंबे समय से इस परियोजना की प्रतीक्षा कर रहे लोगों में अब नई उम्मीद जगी है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे उत्तर बिहार के विकास के लिए मील का पत्थर बताया है। इसके लिए लोगों मंत्री को बधाई दी है।