सीतामढ़ी में बेखौफ अपराधियों का तांडव: राइस मिल संचालक की गोली मारकर हत्या

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सीतामढ़ी

सीतामढ़ी जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नज़र आ रहे हैं। गुरुवार की शाम डुमरा थाना क्षेत्र के परसौनी रेल गुमटी के पास बेखौफ अपराधियों ने राइस मिल संचालक मदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि मृतक मदन कुमार की भाभी, सीतामढ़ी जिले के डुमरा प्रखंड के परोहा पंचायत की वर्तमान मुखिया हैं। इस हत्या की वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेजा गया है।