एसआई भर्ती परीक्षा में देरी से पहुंची परीक्षार्थी को नहीं मिला प्रवेश, दीवार फांदने के प्रयास में हिरासत

  • एसआई परीक्षा में देर से पहुंचने पर प्रवेश नहीं मिलने से रो पड़ी परीक्षार्थी, दीवार फांदने का प्रयास, पुलिस ने लिया हिरासत में

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर

जिले में रविवार को आयोजित एसआई भर्ती परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक परीक्षार्थी निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र पहुंची और प्रवेश नहीं मिलने पर रोते-बिलखते हुए दीवार फांदकर अंदर जाने का प्रयास करने लगी। घटना मोहनिया अनुमंडल क्षेत्र के अभ्यासार्थ मध्य विद्यालय डड़वा स्थित परीक्षा केंद्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षार्थी नीतू कुमारी परीक्षा शुरू होने के बाद केंद्र पर पहुंची थी। नियमानुसार समय समाप्त हो जाने के कारण केंद्र पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसे प्रवेश देने से मना कर दिया। इससे आक्रोशित होकर परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र की दीवार कूदकर अंदर प्रवेश करने का प्रयास करने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोक लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परीक्षार्थी को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं सुरक्षा को देखते हुए निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा सकती।
परीक्षार्थी नीतू कुमारी ने बताया कि रास्ते में दुर्घटना हो गई थी, जिसमें उसका भाई घायल हो गया और अस्पताल में भर्ती है। इसी कारण उसे परीक्षा केंद्र पहुंचने में देर हो गई, लेकिन इसके बावजूद प्रवेश नहीं दिया गया।
इस संबंध में मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने रविवार सुबह करीब 11 बजे जानकारी देते हुए बताया कि एक परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र पर देरी से पहुंची थी और अवैध रूप से प्रवेश करने का प्रयास कर रही थी, जिसे रोका गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी को फिलहाल थाने लाया गया है और यदि केंद्र अधीक्षक द्वारा आवेदन प्राप्त होता है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद कुछ देर के लिए परीक्षा केंद्र के बाहर माहौल तनावपूर्ण रहा, हालांकि पुलिस की सतर्कता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।