न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
शहर में श्री श्याम बसंत महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है। श्री श्याम परिवार द्वारा आयोजित श्याम बसंत महोत्सव को लेकर गुरुवार को भव्य निशान यात्रा निकाली गयी। जो श्री राधाकृष्ण ठाकुरवाड़ी से निकलकर शहर के विभिन्न मार्गो का भ्रमण करते हुए पुनः राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी तक पहुंची, निशान यात्रा में हजारों श्रद्धालु एक जैसी पोशाक में श्री श्याम नाम का जय घोष करते हुए अपने आस्था के स्वरूप निशान ध्वज फहराते हुए पूरे शहर का भ्रमण किया । इस निशान यात्रा में कोलकाता से आए मेहुल नृत्य नाटिका के कलाकारों के द्वारा बेहद आकर्षक झांकियां भी निकाली गई, जिसमें मुख्य रूप से श्री राधा कृष्ण व वीर हनुमान बाबा की झांकियां प्रस्तुत की गई। बताया गया कि दो दिवसीय इस बसंत महोत्सव का गुरुवार को शुभारम्भ हुआ है जो शुक्रवार तक चलेगी। संध्या अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। साथ ही शाम को ही भजन कीर्तन का दौर भी प्रारंभ हो जाएगा, जिसमें बाहर से आए कलाकारों द्वारा भक्तिमय प्रस्तुति पेश की जाएगी। श्री श्याम परिवार के तत्वावधान में आयोजित श्री श्याम बसंत निशान यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का फूलों के बारिश से स्वागत किया गया। जगह – जगह लोगों ने निशान यात्रा में शामिल श्रद्धालु को पानी पिलाने का भी कार्य किया गया। आसपास का माहौल भक्तिमय हो गया है।
विधि व्यवस्था का भी पुख्ता इंतजाम किया गया था। शहर की साफ सफाई बेहतर ढंग से की गई। मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने बताया कि साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।निशान यात्रा में काफी संख्या में श्रद्धालुओ ने भाग लिया।लायंस क्लब और बैद्यनाथ कुमार बैजू की अगुआई में श्री गणेश पूजा समिति गाँधी मैदान सुपौल के कार्यकर्ताओं के द्वारा श्री श्याम वसंत महोत्सव के अवसर पर निशान यात्रा में शामिल श्याम प्रेमियों का भव्य स्वागत मल्लिक चौक स्थित लक्ष्मेश्वर महादेव परिसर में किया गया। विधि व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

































