न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले के मोहनिया से बड़ी खबर आ रही है जहां अज्ञात अपराधियों ने रामा रानी होटल के मालिक पप्पू सिंह के घर के बाहर फायरिंग की। अपराधियों ने पप्पू सिंह के भाई को जान से मारने की नियत से भी गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। साथ ही घर के बाहर खड़ी बीजेपी के झंडे वाली गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर, थाना अध्यक्ष समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। कैमूर के एसपी हरिमोहन शुक्ला भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए।
डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि पप्पू सिंह के घर के सामने विनय कुमार और तीन-चार अन्य अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की है। यह घटना पप्पू सिंह के बेटे और विनय के बीच पुराने विवाद के कारण हुई बताई जा रही है। गाड़ी के शीशे तोड़ने और गोली चलाने की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो चुकी है, पुलिस फुटेज की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

































