शाहकुंड: नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

ज़िले के शाहकुंड थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरायडीह गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जब नहाने गए एक युवक की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 18 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान था।

परिजनों के अनुसार, अमित सुबह नहाने के लिए गांव के पास बहने वाली गंगा नदी गया था। नहाने के दौरान जैसे ही उसने पानी में डुबकी लगाई, वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और कुछ ही पलों में आंखों के सामने ही डूब गया।

घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक की खोजबीन शुरू की। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने अमित के शव को नदी से बाहर निकाला। शव मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया।

मृतक के पिता विजय शाह दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना उन्हें भी दे दी गई है। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार पर परेशानी और मातम का पहाड़ टूट पड़ा है।

स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद शव को मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शाहकुंड थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नंदन कुमार साह, मृतक के परिजन ने बताया, “अमित बहुत ही मेहनती और सीधा लड़का था। खेत में हाथ बंटाता था। सुबह घर से हंसते हुए निकला था, किसी ने नहीं सोचा था कि अब कभी लौटेगा ही नहीं।”