न्यूज स्कैन डेस्क, पटना
बिहार सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रत्यय अमृत को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इसके लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रत्यय अमृत वर्तमान में राज्य सरकार के कई महत्त्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और उन्हें प्रशासनिक कार्यों में दक्षता के लिए जाना जाता है। 1991 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी प्रत्यय अमृत मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले से आते हैं। अपने तीन दशकों से अधिक लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने सड़क निर्माण, स्वास्थ्य, ऊर्जा, आपदा प्रबंधन और ग्रामीण विकास जैसे विभागों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्हें विकास योजनाओं की तेज़ क्रियान्वयन क्षमता और जनहित में प्रभावी नीतियों के लिए पहचाना जाता है। प्रत्यय अमृत की विशेष बात यह है कि उन्होंने अपने IAS प्रशिक्षण के दौरान झारखंड के दुमका में आदिवासी भाषा ‘संथाली’ भी सीखी थी। इससे यह स्पष्ट होता है कि वह प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय सांस्कृतिक समझ को भी महत्व देते हैं।
प्रत्यय अमृत होंगे बिहार के नए मुख्य सचिव, 1991 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं
