दिल्ली-देवघर की दूसरी नाईट फ्लाइट 15 सितंबर से

न्यूज स्कैन ब्यूरो, देवघर

देवघर एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सितंबर से नवंबर तक कई नई डे-नाईट फ्लाईटें देश के विभिन्न हिस्सों के लिए शुरू होने जा रही है। इसकी शुरूआत सितंबर माह के मध्य से देश की राजधानी दिल्ली को जोड़ने के लिए नाईट फ्लाईट की दोबारा शुरूआत से होने वाली है। भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की ओर से उपलब्ध करायी गयी जानकारी के अनुसार 15 सितंबर से पूर्व की तरह शाम के समय में दिल्ली से देवघर और फिर रात में देवघर से दिल्ली के लिए विमान देवघर एयरपोर्ट से उड़ान भरने लगेंगी। इससे दिल्ली से आने और जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। उन्होंने जानकारी दी है कि सितंबर माह में ही देवघर से गुवाहाटी के लिए भी फ्लाईट सेवा की शुरूआत होने जा रही है। इससे जहां गुवाहाटी से बाबा वैद्यनाथ के दर्शन करने के लिए देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, वहीं सत्संग आश्रम के अनुयायियों को भी बड़ी राहत होगी। इतना ही देवघर से मां कामाख्या के दर्शन-पूजन करने जाने वालों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

सांसद ने जानकारी दी कि आगामी अक्टूबर और नवंबर माह के बीच मुंबई के लिए देवघर एयरपोर्ट से सातों दिन फ्लाईट मिलनी शुरू हो जाएगी। वहीं बंगलुरू के लिए दिन के बाद अब शाम में भी एक और फ्लाइट सेवा की शुरूआत होगी। इसके अलावा देवघर से हैदराबाद के लिए भी फ्लाईट की सुविधा उसी दौरान शुरू हो जाएगी। इंडिगो की ओर से ही सभी जगहों के लिए नई उड़ानें शुरू की जा रही हैं। सांसद डॉ. निशिकांत ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह ऐतिहासिक देन होने वाली है। बाबा वैद्यनाथ मंदिर, बाबा बासुकीनाथ मंदिर, सत्संग आश्रम, रिखिया योगपीठ के अलावा सम्मेद शिखर, पारसनाथ, मंदार, विक्रमशिला, चंपापुरी जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का केंद्र आने वाले समय में देवघर ही होगा।