एसडीपीओ ने राघोपुर थाना का किया निरीक्षण, लंबित कांडों की समीक्षा, वारंटियों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/राघोपुर
एसडीपीओ वीरपुर सुरेंद्र कुमार मंडल ने रविवार को राघोपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में दर्ज विभिन्न कांडों की गहन समीक्षा करते हुए विशेष रूप से लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण क्रम में एसडीपीओ ने कांडों के अनुसंधान की प्रगति, अभिलेखों के संधारण, केस डायरी की स्थिति तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके।
एसडीपीओ ने लंबित वारंटों के त्वरित निष्पादन और फरार वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय पुलिसिंग आवश्यक है।
इसके साथ ही उन्होंने थाना स्तर पर कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने, क्षेत्र में सतत गश्ती बढ़ाने तथा पुलिसकर्मियों को जनहित के मामलों में संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया। शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।