एसडीएम ने आश्रय स्थल का किया निरीक्षण, पायी गई भारी गड़बड़ी

न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
फारबिसगंज के काली पूजा मेला ग्राउंड के समीप नगर परिषद के आश्रय स्थल का मंगलवार को एसडीएम रंजीत कुमार रंजन ने अनुमंडल निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कृष्ण के साथ औचक निरीक्षण किया।नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत शहरी निराश्रितों के लिए बने आश्रय स्थल पर एसडीएम ने भारी गड़बड़ी पाई।उन्होंने आश्रय स्थल के रजिस्टर का अवलोकन किया।जिसमें निराश्रितों के बदले प्रशासनिक और पुलिसकर्मियों के ठहरने की बात सामने आई।निराश्रितों की उपस्थिति लगभग नगण्य रही,जिस पर एसडीएम ने अचरजता प्रकट करते हुए ठंड के इस ठिठुरते मौसम में निःशुल्क आश्रय स्थल के प्रचार प्रसार के आवश्यकत पर जोर दिया।आश्रय स्थल में जमे सुरक्षाकर्मियों के ठहराव को लेकर भी एसडीएम ने आपत्ति व्यक्त की।मौके पर मौजूद केयरटेकर नीलम देवी,अंजू देवी,लता देवी और तैनात सफाईकर्मी से भी आश्रितों के रहने को लेकर पूछताछ की।आश्रय स्थल में सुरक्षाकर्मियों के ठहराव को लेकर नगर विकास एवं आवास विभाग के अवर सचिव वर्षा सिंह ने अररिया डीएम को आश्रय स्थल से पुलिसकर्मियों के ठहराव को समाप्त करने का निर्देश दिया गया था।बावजूद इसके आश्रय स्थल में पुलिसकर्मियों के ठहरने पर रोक लगाने का निर्देश केयरटेकर को दिया। एसडीएम ने आश्रय स्थल के हॉल, बेड पर चादर,साफ सफाई,सुरक्षा आदि व्यवस्था का भी जायजा लिया।