बिहार की सविता देवी को राष्ट्रपति से मिला डिनर का न्योता, पीएम आवास योजना में ईमानदार काम का मिला सम्मान

पटना की मसौढ़ी निवासी सविता देवी ने कभी झोपड़ी में गुजारा जीवन, अब राष्ट्रपति भवन में होंगी विशिष्ट अतिथि

न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार की एक साधारण महिला अब असाधारण पहचान बनने जा रही हैं। पटना जिले के मसौढ़ी की रहने वाली सविता देवी को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 15 अगस्त की शाम राष्ट्रपति भवन में डिनर पर आमंत्रित किया है। कभी झोपड़ी में जीवन बिताने वाली सविता देवी के लिए यह एक ऐतिहासिक पल है। उन्हें यह सम्मान प्रधानमंत्री आवास योजना में उनके सराहनीय कार्य के लिए दिया गया है। उन्होंने न केवल खुद इस योजना का लाभ उठाया, बल्कि अपने क्षेत्र के कई जरूरतमंद परिवारों को भी इसका लाभ दिलाने में मदद की।
सविता देवी पटना जिले के मसौढ़ी प्रखंड की निवासी हैं। उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था। उनके पति मजदूरी कर घर चलाते थे। शादी से पहले एक डॉक्टर की लापरवाही के कारण उनकी एक आंख की रोशनी चली गई थी। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। बेटा अब एक बीएड कॉलेज में कार्यरत है। सविता देवी का जीवन संघर्ष और आत्मसम्मान की मिसाल रहा है। सीमित संसाधनों के बीच भी उन्होंने कभी ईमानदारी से समझौता नहीं किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्होंने न सिर्फ खुद के लिए घर बनवाया, बल्कि कई अन्य लोगों की भी मदद की। सरकारी दस्तावेज़ी प्रक्रिया में लोगों को सही जानकारी और मार्गदर्शन देकर उन्होंने ईमानदारी और प्रतिबद्धता का परिचय दिया। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सविता देवी का योगदान उदाहरणीय रहा है। यही वजह है कि उन्हें राष्ट्रपति भवन से आमंत्रण मिला।

15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में होंगी शामिल
इस स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर जब देश आज़ादी का पर्व मना रहा होगा, उसी समय सविता देवी राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ डिनर पर शामिल होंगी। सविता देवी ने कहा, “मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि ऐसा दिन आएगा। यह सिर्फ मेरा नहीं, उन तमाम महिलाओं का सम्मान है जो सीमाओं के बावजूद आगे बढ़ रही हैं।”