समस्तीपुर में कुख्यात विक्रम गिरि की हत्या, मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

न्यूज स्कैन ब्यूरो, समस्तीपुर
बिहार के समस्तीपुर जिले में गुरुवार की दोपहर उजियारपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात हुई। माधोडीह गांव निवासी युवक विक्रम गिरि की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाश तीन की संख्या में थे और एक बाइक पर सवार होकर आए थे। विक्रम जब अपने घर से सातनपुर जा रहा था, तभी रास्ते में एक मंदिर के पास उसे घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सातनपुर बाजार की ओर फरार हो गए।

पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही उजियारपुर थाना पुलिस और दलसिंहसराय एसडीपीओ विवेक कुमार शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची, जबकि डीआईयू की टीम भी मौके पर पहुंच रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

मृतक का आपराधिक इतिहास
बताया जा रहा है कि विक्रम गिरि पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। हाल ही में वह एक हत्या के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था। वह इलाके के चर्चित फर्नीचर व्यवसायी नेपाली चौधरी हत्याकांड का भी आरोपी था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।