रास्ता बंद कर ग्रामीण परिवार को किया गया परेशान, पीड़ित ने की प्रशासन से न्याय की मांग
न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नवगछिया
कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कासीमपुर कदवा गांव में आपसी जमीन विवाद ने तूल पकड़ लिया है। गांव के निवासी अजय सिंह, पिता स्व. दल्ली सिंह ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उनके और उनके परिवार के आवागमन के एकमात्र पक्के रास्ते को जबरन बाँस का ढठ्ठा लगाकर बंद कर दिया है, जिससे पूरा परिवार घर में कैद होकर रह गया है।
पीड़ित अजय सिंह ने बताया कि वे अपने खतियानी जमीन पर अपने पूर्वजों के समय से मकान बनाकर शांतिपूर्वक निवास कर रहे हैं। उनके मकान के दक्षिण में पक्की सड़क है, जिसका उपयोग वे और उनका परिवार वर्षों से करते आ रहे हैं।
लेकिन 29 जून की शाम करीब 5 बजे गांव के ही कुछ लोग सुनील सिंह, गाजो सिंह , सिकंदर सिंह, जयनारायण सिंह, बाबुलाल सिंह, रूपेश सिंह, गोपी सिंह, रोहित सिंह और अनुज सिंह ने एकमत होकर रंगदारी दिखाते हुए उस पक्की सड़क को बाँस का ढठ्ठा लगाकर अवरुद्ध कर दिया।
अजय सिंह ने बताया कि रास्ता बंद करने का विरोध करने पर उन लोगों ने उन्हें और उनके परिजनों को गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी भी दी। इस संबंध में उन्होंने कदवा थाने में लिखित शिकायत दी है। थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर ढठ्ठा हटाने का निर्देश भी दिया, लेकिन आरोपित नहीं माने। पीड़ित के अनुसार, इस घटना का वीडियो प्रमाण उनके पास मौजूद है।
खून-खराबे की जताई आशंका
अजय सिंह ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि यदि समय रहते मामले में कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है और खून-खराबा होने की भी आशंका है। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द न्याय और रास्ते चालू करने की मांग की है।
ग्रामीणों में तनाव, पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल
घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है, तो यह विवाद और अधिक विकराल रूप ले सकता है।
कदवा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने कहा कि पीड़ित द्वारा कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है । मौखिक या फिर आवेदन थाना में दे, इसकी जांच करवाई जाएगी।



























