हत्या का हॉटस्पॉट बना अमझोर! 24 घंटे में दूसरी हत्या … किसान और कपडा व्यवसायी को पीट-पीट कर मार डाला

  • रोहतास में कानून व्यवस्था ध्वस्त, जमीन विवाद में किसान व व्यवसायी की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

न्यूज स्कैन ब्यूरो, रोहतास

जिले के अमझोर थाना क्षेत्र के जागोडीह गांव में जमीन विवाद के कारण एक किसान और कपड़ा व्यवसायी वीरेंद्र सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह बीते 24 घंटे में अमझोर थाना क्षेत्र में हत्या की दूसरी घटना है। अर्चना वस्त्रालय के मालिक और जागोडीह गांव निवासी वीरेंद्र सिंह की हत्या से इलाके में आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के नाराज़गी जताई है। एक सफल व्यवसायी और किसान की सरेआम पीट-पीटकर हत्या ने लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।

जमीन विवाद से उपजा खूनी संघर्ष

जानकारी के मुताबिक मृतक वीरेंद्र सिंह का अपने गोतिया और परिवार के अन्य सदस्यों से वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह खेत में काम करने के दौरान विवाद ने उग्र रूप ले लिया और कुछ लोगों ने उन्हें बुरी तरह पीट दिया। घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रोहतास एसपी रौशन कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में घटना जमीन विवाद से जुड़ी पाई गई है और विस्तृत जांच जारी है।

रोहतास पुलिस पर उठते सवाल

जिले में पिछले कुछ दिनों में लगातार हत्या, लूट और जानलेवा हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। अमझोर थाना क्षेत्र में 24 घंटे में हुई दो हत्याएं पुलिस की नाकामी का संकेत देती हैं। बीते तीन दिनों में यह चौथी बड़ी आपराधिक घटना है, जिससे लोगों का पुलिस पर से विश्वास कमजोर होता जा रहा है। अपराधियों में कानून का भय खत्म हो गया है।