सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत जिला परिवहन कार्यालय में शपथ कार्यक्रम का आयोजन

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

सड़क सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर जिला परिवहन कार्यालय द्वारा शनिवार को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में परिवहन विभाग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी के साथ-साथ स्थानीय वाहन चालकों, ऑटो-रिक्शा, टैक्सी, ट्रक एवं बस चालकों तथा आम नागरिकों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। जिला परिवहन पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सज्जन ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ दिलाई।
शपथ के दौरान सभी ने यह संकल्प लिया कि वे यातायात नियमों का पूर्ण पालन करेंगे, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करेंगे, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाएंगे, तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने एवं ओवरटेकिंग जैसी खतरनाक प्रवृत्तियों से बचेंगे तथा दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार सज्जन ने कहा कि परिवहन विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में प्रत्येक वर्ष जनवरी माह में सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है, जिसके तहत जिले भर में जागरूकता, प्रवर्तन एवं प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत इस वर्ष भी विस्तृत कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी कर दी गई है, जिसमें चालकों का प्रशिक्षण, स्कूल एवं कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, वाहनों की जांच, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रति जागरूकता अभियान सहित कई गतिविधियां शामिल हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला परिवहन कार्यालय, सुपौल के सभी कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि सड़क सुरक्षा से संबंधित सभी कार्यों का निष्पादन समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में वास्तविक कमी लाई जा सके।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल सरकार या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर ही हम अपने तथा दूसरों के जीवन की रक्षा कर सकते हैं।