न्यूज स्कैन ब्यूरो, पटना
बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, सियासी बयानबाज़ी का तापमान बढ़ता जा रहा है। रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव ने एनडीए पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “अब जनता बदलाव के लिए बेसब्र है।” तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन की राजनीति सिर्फ़ विरोध की नहीं, बल्कि विकास की ठोस योजना पर आधारित है। उन्होंने मतदाताओं से संवाद करते हुए कहा, “हम जनता को अगले पाँच वर्षों का रोडमैप दिखा रहे हैं, जबकि एनडीए के पास सिर्फ़ नकारात्मक बातें हैं।” तेजस्वी ने पलटवार करते हुए एनडीए से यह सवाल भी दागा, “पहले ये तो बताइए कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन है?”
महागठबंधन की 5 साल की योजना: पंचायत से लेकर पेशेवर तक
तेजस्वी यादव ने इस दौरान अपने गठबंधन की विस्तृत 5-वर्षीय योजना का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर पंचायत प्रतिनिधियों से लेकर पारंपरिक कारीगरों तक हर वर्ग को सशक्त बनाया जाएगा। पंचायती राज प्रतिनिधियों के लिए
भत्तों की राशि दोगुनी की जाएगी। सभी प्रतिनिधियों को पेंशन योजना और ₹50 लाख का बीमा कवर मिलेगा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के डीलरों की मार्जिन राशि बढ़ाई जाएगी।
कारीगर वर्ग के लिए
नाई, बढ़ई, मिट्टी के बर्तन बनाने वाले और अन्य पारंपरिक कारीगरों को ₹5 लाख तक का ब्याज-मुक्त ऋण दिया जाएगा। इस राशि से वे आधुनिक उपकरण और औज़ार खरीद सकेंगे ताकि अपने काम को नई दिशा दे सकें। तेजस्वी यादव
अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार आने पर बिहार को नंबर-1 राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा, “जनता का भरोसा हमारे साथ है। हम वादा नहीं, योजना लेकर आए हैं। बदलाव अब तय है।” तेजस्वी ने यह भी जोड़ा कि जनता का यह चुनाव सिर्फ़ सरकार बदलने का नहीं, बल्कि राजनीति की सोच बदलने का है।
































