न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
राष्ट्रीय जनता दल के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर प्रसाद यादव की अध्यक्षता में शनिवार दोपहर 12 बजे एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा चुनाव परिणामों पर विस्तार से चर्चा हुई और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर कई सुझाव सामने आए।
बैठक में राष्ट्रीय जनता दल नेता सह पूर्व प्रत्याशी शेख ज्याउल हसन उर्फ जेड हसन सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर प्रसाद यादव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कई सीटों पर पार्टी को सकारात्मक परिणाम मिले हैं, लेकिन नाथनगर विधानसभा क्षेत्र में मिली हार गंभीर चिंतन का विषय है। उन्होंने कहा कि नाथनगर की हार के कारणों पर गहन मंथन किया गया और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव रखे, जिसमें संगठन विस्तार, स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और युवाओं एवं महिलाओं को पार्टी से जोड़ने पर विशेष चर्चा की गई।
पार्टी नेतृत्व ने कहा कि सभी सुझावों को संकलित कर शीर्ष नेतृत्व को भेजा जाएगा, ताकि आगामी चुनावों में बेहतर रणनीति बनाकर परिणामों को और मजबूत किया जा सके।
अंत में जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने में योगदान दें और जनता के बीच पार्टी की नीति व कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से पहुंचाएं।


































