कोशी का बढ़ा जलस्तर, मरौना प्रखंड में पानी घुसने से लोग बेहाल

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल/ मरौना

जिले के मरौना प्रखंड में कोशी नदी के जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि ने लोगों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया है। नदी का पानी अब ग्रामीण इलाकों के घरों तक पहुँच गया है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सिसौनी, घोघररिया और आसपास के पंचायतों में स्थिति और भी गंभीर हो गई है, जहाँ ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं।

बाढ़ के कारण कई घरों में पानी घुस जाने से लोगों का रहना और सामानों की सुरक्षा चुनौती बन गई है। खेतों में खड़ी फसलें डूबने लगी हैं और पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा लगातार राहत और बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं।

मरौना प्रखंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी रचना भारतीय ने स्थिति पर जानकारी देते हुए बताया कि “फिलहाल हालात काबू में हैं। प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है और पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।” उन्होंने बताया कि आवश्यक राहत सामग्री की व्यवस्था की जा रही है और लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।