न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
डीआरडीए सभागार, भागलपुर में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निदेशक (लेखा), निदेशक (ग्रामीण निकाय), जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उप विकास आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि द्वितीय एवं तृतीय किस्तों के भुगतान में विलंब रोकने के लिए लंबित जियो-टैगिंग कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत आवास स्वीकृति सुनिश्चित करने पर जोर दिया ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता मिल सके।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं—राज्य परिवार लाभ, राष्ट्रीय परिवार लाभ एवं कबीर अन्त्येष्टि—के संबंध में प्रखंड स्तर के अधिकारियों को अधिक आवेदन संग्रहण और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया गया। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक बिना किसी देरी के पहुँचे, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना की प्रगति भी समीक्षा के दायरे में रही। सभी पंचायतों में शीघ्र भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के लंबित भुगतानों का त्वरित निपटारा करने तथा 15वीं एवं 6वीं वित्त आयोग की योजनाओं में आवश्यक सुधार लाने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।
बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास, सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ, जीविका, सोलर स्ट्रीट लाइट एवं वित्त आयोग से संचालित सभी सरकारी योजनाओं की सतत और गहन निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का प्रभावी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन ही आमजन को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित करने का मुख्य आधार है, और जिला प्रशासन इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के रूप में देखता है।
विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा, डीआरडीए सभागार में हुई उच्च स्तरीय बैठक
































