खगड़िया के परबत्ता में राजस्व महा अभियान बना किसानों की परेशानी का कारण, भूमि अभिलेख सुधार में लापरवाही से किसान हताश

न्यूज स्कैन ब्यूरो। परबत्ता (खगड़िया)

खगड़िया जिले में भूमि से संबंधित अभिलेखों में सुधार के लिए चलाया जा रहा बिहार सरकार का राजस्व महा अभियान धरातल पर पूरी तरह विफल होता नजर आ रहा है। किसानों की उम्मीदों के विपरीत यह अभियान अब उनकी परेशानी का कारण बन गया है। नियमानुसार शिविरों का आयोजन नहीं हो रहा है और जहां शिविर लगाए भी जा रहे हैं, वहां किसानों को इसकी जानकारी तक नहीं मिल पा रही है।परबत्ता प्रखंड के लगार पंचायत के दर्जनों किसान राजस्व कर्मियों की कार्यशैली से बेहद नाराज हैं।

बड़ी लगार गांव के बुजुर्ग विवेकानंद यादव ने बताया कि उन्होंने चार बार ऑनलाइन आवेदन किया, लेकिन हर बार उनका आवेदन रिजेक्ट कर दिया गया। पंचायत के उप मुखिया कुंदन कुमार ने कहा कि राजस्व कर्मियों की अनुपस्थिति और सूचना की कमी से किसानों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है।वहीं सुबोध कुमार और सगीना यादव ने आरोप लगाया कि जमाबंदी पर्चियां अनाधिकृत लोगों को दे दी गई हैं, जिससे किसान अब तक वंचित हैं। किसान नरेश यादव और अरविंद यादव ने स्पष्ट कहा कि राजस्व कर्मियों और अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह अभियान असफल हो रहा है और किसानों की समस्याएं और बढ़ गई हैं।