न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
सुपौल जिले के सदर प्रखंड के बरुआरी पश्चिम पंचायत के वार्ड नंबर एक में सड़क की बदहाल स्थिति लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी है। सड़क पर हर वक्त कीचड़ और पानी का जलभराव रहने से आमलोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क आज भी विकास के तमाम दावों की पोल खोल रही है। बारिश होते ही यह सड़क दलदल में तब्दील हो जाती है, जिससे राहगीरों को गुजरना मुश्किल हो जाता है। कई लोग फिसलकर गिर जाते हैं, वहीं बच्चों को स्कूल जाने में काफी कठिनाई होती है।
यह सड़क सिर्फ बरुआरी गांव के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास के कई गांवों के लोगों के आने-जाने का मुख्य मार्ग है। इसके बावजूद अब तक इसकी मरम्मत या नाला निर्माण की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि नाले की व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती, जिससे हर बारिश में सड़क पर जलजमाव हो जाता है और आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन दोनों ही इस समस्या से पूरी तरह बेखबर बने हुए हैं। वे बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होती। लोगों ने प्रशासन से जल्द सड़क मरम्मत और नाला निर्माण की मांग की है ताकि उन्हें इस समस्या से राहत मिल सके।
बरुआरी गांव की सड़क पर कीचड़ और जलभराव से लोग परेशान, जनप्रतिनिधि बेखबर


























