गायत्री नगर अंबई में बुनियादी सुविधाओं का अभाव, ग्रामीणों ने मुखिया के खिलाफ की नारेबाजी

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

जिले के नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के गायत्री नगर अंबई के लोगों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर गहरा आक्रोश है। क्षेत्र में सड़क और नाला निर्माण न होने से ग्रामीणों को आए दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलजमाव से हालात और भी खराब हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के मुखिया अजय राय हैं, जो इस बार नाथनगर विधानसभा से जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जब वे सड़क और नाला निर्माण की मांग लेकर मुखिया के पास जाते थे तो उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि “आप लोगों ने हमें वोट नहीं दिया, इसलिए काम नहीं होगा।” इस रवैये से नाराज़ ग्रामीणों ने शनिवार को मुखिया के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सांसद, विधायक और जिलाधिकारी तक आवेदन देकर समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनके क्षेत्र में सड़क और नाला का निर्माण नहीं होगा, तब तक वे किसी भी उम्मीदवार या दल को समर्थन नहीं देंगे। ग्रामीणों ने कहा कि नेताओं ने विकास के नाम पर केवल वादे किए, लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं उतरा। अब जनता जवाब देने के लिए तैयार है।