किराया विवाद से उपजा बवाल, अस्पताल में चोरी और धमकी का आरोप


न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के कंजिया बायपास में किराए को लेकर हुआ विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है।
लोदीपुर थाना क्षेत्र निवासी अजय कुमार भारती ने अपना मकान मनीष कुमार को अस्पताल चलाने के लिए किराए पर दिया था। मनीष का कहना है कि वे हर माह समय पर किराया चुका रहे थे, इसके बावजूद मकान मालिक अजय बार-बार किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
पीड़ित मनीष का आरोप है कि इसी विवाद के बाद अजय ने उनके अस्पताल में चोरी करवा दी। चोरी की जानकारी उन्हें सोशल मीडिया से मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि अस्पताल से लाखों रुपये का सामान गायब था।
मनीष ने बताया कि जब उन्होंने अजय भारती से इस मामले पर बात करनी चाही तो अजय ने उन्हें जान से मारने की धमकी तक दे दी। इससे परेशान होकर मनीष कुमार ने वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत दी और न्याय की गुहार लगाई है।