न्यूज स्कैन ब्यूरो ,कटिहार
रविवार को शहर के टीवी टावर के समीप स्थित आदिवासी टोला में प्रार्थना सभा में धर्मांतरण का एक मामला सामने आया था। जिसमें हिंदू संगठन के लोगों ने आरोप लगाया था की प्रार्थना सभा की आङ में धर्मांतरण का खेल खेला जा रहा है । जिसे जाकर हिंदू संगठनों द्वारा रोका गया था। वहीं, आदिवासी परिवारों द्वारा यह आरोप लगाया गया था कि हिंदू संगठन ने हर सप्ताह की तरह इस सप्ताह भी होने वाली प्रार्थना सभा में आकार बाधा डाला और परिवार के साथ मारपीट की है। इसको लेकर सोमवार को पीड़ित परिवार के साथ कदवा विधायक डॉ शकील अहमद खान जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक से मिले । उन्होंने दोषियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि इस देश के संविधान ने सभी जाति एवं समूह को अपने-अपने धर्म मान्यताओं को मानने का स्वतंत्र अधिकार दिया है। जिस तरीके से बीते दिन दलित आदिवासियों के ऊपर गुंडों ने अटैक किया है, यह भत्सना से भरा हुआ है। हमारे पास लफ्ज नहीं है, जो मैं उसकी दर्द को बयां कर सकूं। हर रविवार को क्रिश्चियन समुदाय का प्रार्थना पूरे हिंदुस्तान में होता है। क्रिश्चियन कम्युनिटी द्वारा बनाए गए विद्यालय एवं कॉलेजों में अच्छी पढाई होती है और हर समाज के बच्चे वहां पढते हैं। इन गुंडों को समझना चाहिए की अगर आप संविधान को हाथ मे लेंगे, कानून हाथ में लेंगे, तो लाॅ अपना काम करेगी । हम लोग विधायक हैं संविधान की शपथ लेते हैं। संविधान के अधिकारों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है और हम देख रहे हैं कि कुछ लोग हुए हमले की तारीफ भी कर रहे हैं। यह निंदनीय है। दोषियो पर विधिसम्मत कारवाई होनी चाहिए। मौके पर दर्जनों की संख्या मे आदिवासी महिला व पुरूष मौजूद रहे।



























